जंगल के रास्ते
गांधी नगर पहुंचा था आरोपी
6 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी नज़र उर्फ़ सलमान आखिरकार 6 दिन बाद भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस के चंगुल में आ गया। मुखबिर की सूचना पर देर रात मिली इस कामयाबी के बाद हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव किया, लेकिन इससे पहले ही भोपाल पुलिस ने आरोपी को रायसेन पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गौहरगंज ले जाते समय भोजपुर के पास आरोपी ने पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उस पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
कैसे हुआ एनकाउंटर:
पिछले छह दिनों से सलमान पुलिस से बचता फिर रहा था। शुक्रवार तड़के गांधी नगर पुलिस ने उसे जंगल क्षेत्र से पकड़ा। रायसेन ले जाते वक्त रास्ते में पुलिस की गाड़ी पंचर होने पर आरोपी को दूसरी गाड़ी में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने एसआई की रिवॉल्वर छीनकर फायर किया और भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।
घायल आरोपी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या था मामला:
6 दिन पहले नज़र उर्फ़ सलमान ने गौहरगंज क्षेत्र के ग्राम पांजरा में पड़ोस में रहने वाली 6 वर्षीय मासूम को चॉकलेट देने के बहाने जंगल में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। यह घटना शाम 7 से 8 बजे के बीच घटित हुई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। गंभीर अवस्था में बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर किया गया।
स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही उजागर:
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर लापरवाही देखने को मिली। जब परिजन बच्ची को लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। स्थिति और खराब तब हुई जब एम्बुलेंस में पर्याप्त ईंधन भी नहीं मिला। मजबूरन परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर बच्ची को भोपाल पहुंचाया।
प्रदेशभर में प्रदर्शन:
घटना सामने आने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। गौहरगंज, रायसेन, भोपाल, विदिशा सहित कई शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़कों पर उतर आए और कड़ाके की ठंड में रातभर धरना देकर बैठे रहे।
एसपी को हटाया गया:
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत एक्शन लिया। रायसेन एसपी को सस्पेंड कर दिया गया और पुलिस को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए।
आरोपी की तलाश में 6 जिलों की पुलिस को लगाया गया।


