स्वतंत्रता दिवस पर बसंतपुर सैतली में 41 यूनिट रक्तदान, रक्तवीरों ने दिया मानवता का संदेश

गाजियाबाद (अबशार उलहक) :  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम बसंतपुर सैतली में चिराग फाउंडेशन की ओर से रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गाजियाबाद ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया, जबकि सर्वोदय अस्पताल, ग्रेटर नोएडा द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 41 यूनिट रक्तदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान में सहभागिता की।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित इस पहल में देशभक्ति के साथ-साथ सेवा, सहयोग और मानवता की भावना भी देखने को मिली। रक्तदाताओं ने रक्तदान को जरूरतमंदों की मदद का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आगे भी सामाजिक सेवा के कार्यों में भागीदारी का संकल्प लिया।

रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

शिविर के आयोजक कपिल त्यागी ने बताया कि रक्तदान शिविर में पूर्व जिलाध्यक्ष रालोद अमित त्यागी सरना, लोकदल के वरिष्ठ नेता ओ.डी. त्यागी, प्रदीप त्यागी मकनपुर सहित अन्य रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया।

शिविर का आयोजन धीरज त्यागी, आशीष त्यागी, प्रवीण राज त्यागी, भूपेंद्र त्यागी, अजय त्यागी और मोहित आर्य के संरक्षण एवं देखरेख में संपन्न हुआ।

आयोजन से जुड़े लोगों ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस शिविर ने समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। आयोजकों ने लोगों से भविष्य में भी रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।