मुरादनगर में खूनी संघर्ष: युवक को मौत के घाट उतारने की कोशिश, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप!

गाजियाबाद (हैदर खान) :  थाना मुरादनगर क्षेत्र के अंतर्गत कल देर रात एक घटना से हड़कंप मच गया। प्रीत विहार नाले की पटरी पर लकड़ी का गोदाम चलाने वाले एक युवक द्वारा जुआ खेलने और शराब पीने का विरोध करने पर दबंगों ने उस पर धारदार हथियारों और तमंचों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में गोदाम संचालक मोनू चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया, वही बताया जा रहा है कि मोनू को बचाने आए उसके दोस्त पर भी पिस्तौल से फायर किया गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

‎प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोनू का चचेरा भाई फुरकान पुत्र इकबाल द्वारा थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि गत 21 सितंबर 2026 की रात्रि करीब 8:30 बजे मोनू के गोदाम के पास आरोपी अरबाज, जुबेर, शाहबाज, राजू और उनके पांच-छह अन्य साथी सरेआम जुआ खेल रहे थे और शराब पीकर तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। जब मोनू ने उन्हें गोदाम के पास ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी आगबबूला हो गए और मोनू को जान से मारने की धमकी दी।

‎जब मोनू ने इसका विरोध किया, तो सभी आरोपियों ने एकराय होकर धारदार हथियारों, तमंचों और पिस्तौल की बटों से मोनू पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मोनू का दोस्त नसीम उसे बचाने दौड़ा, तो मुख्य आरोपी अरबाज ने जान से मारने की नीयत से उस पर भी पिस्तौल तान दी और फायर कर दिया। किसी तरह जान बचाकर नसीम वहां से भागा और परिजनों को घटना की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो मोनू लहूलुहान और अधमरी हालत में जमीन पर पड़ा मिला। आनन-फानन में मोनू को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मोनू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत संजय नगर सरकारी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में जोर देकर कहा है कि आरोपी अरबाज, शाहबाज, राजा, जुबेर आदि शातिर और आदतन अपराधी हैं। इनके विरुद्ध थाना मुरादनगर में पहले से ही हत्या, हत्या का प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन जुर्म के मुकदमे दर्ज हैं। खुलेआम घूम रहे इन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने बेखौफ होकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल, मुरादनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर वैधानिक कार्रवाई मे लग गई है।