गाजियाबाद (अबशार उलहक) : मुरादनगर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 में काइट कॉलेज के सामने स्थित श्मशान घाट की बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासी गुलशन राजपूत ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और थाना मुरादनगर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में श्मशान घाट की व्यवस्थाओं में सुधार कराने के साथ-साथ वहां तक जाने वाली गली में वाहनों के खड़े होने पर रोक लगाने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार श्मशान घाट में अंतिम संस्कार स्थल पर लगी टीन शेड काफी जर्जर और टूटी-फूटी स्थिति में है। बारिश के दौरान टीन से पानी टपकने के कारण अंतिम संस्कार के समय परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत में जर्जर टीन शेड को हटाकर पक्का लैटर या मजबूत टीन शेड लगवाने की मांग की गई है।
इसके अलावा श्मशान घाट परिसर में बैठने की उचित व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने की भी मांग की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि अंतिम संस्कार स्थल एक पवित्र और सम्मानजनक स्थान है, इसलिए यहां मूलभूत सुविधाओं का होना जरूरी है।
वहीं दूसरी शिकायत में श्मशान घाट की ओर जाने वाली गली में बाइक और अन्य वाहन खड़े किए जाने की समस्या का उल्लेख किया गया है। शिकायत के मुताबिक काइट कॉलेज के छात्र-छात्राएं अक्सर अपनी मोटरसाइकिल और बाइक गली में दोनों तरफ खड़ी कर देते हैं। इससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को निकलने में परेशानी होती है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रास्ता बाधित होने की वजह से अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों को परेशानी के साथ-साथ विवाद की स्थिति भी पैदा हो सकती है। ऐसे में श्मशान घाट वाली गली को वाहन खड़े करने से मुक्त रखने की मांग की गई है।
शिकायत में प्रशासन से ‘श्मशान घाट मार्ग—वाहन खड़ा करना मना है’ का बोर्ड लगवाने और पुलिस गश्त के दौरान लोगों को इसके संबंध में जागरूक करने का भी अनुरोध किया गया है।
स्थानीय निवासी ने नगर पालिका और पुलिस प्रशासन से श्मशान घाट की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि अंतिम संस्कार के समय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


