गाजियाबाद (हैदर खान) : अगर आपके पास पुरानी कमर्शियल (व्यावसायिक) गाड़ी है और आप एनसीआर (NCR) इलाके में रहते हैं, तो सरकार आपके लिए एक शानदार योजना लेकर आई है। हवा को साफ और प्रदूषण मुक्त रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार ने मिलकर ‘परिवर्तन योजना’ शुरू की है। इसके तहत पुरानी गाड़ी को हटाकर नई गाड़ी लेने पर आपको कई तरह की भारी छूट और आर्थिक मदद दी जाएगी।
इस योजना का फायदा उठाने के लिए आपको अपनी पुरानी गाड़ी को सरकार द्वारा अधिकृत स्क्रैप सेंटर पर जमा करना होगा और उसका सर्टिफिकेट (COD) दिखाना होगा। ऐसा करने पर आपको नई बीएस-6 (BS-VI), सीएनजी या इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने के लिए बैंक लोन के ब्याज पर 5% की छूट मिलेगी। इसके अलावा, गाड़ी बनाने वाली कंपनियां भी नई बीएस-6 गाड़ी खरीदने पर सीधे 8% की छूट देंगी।
सरकार आपके रोजमर्रा के खर्च का भी ख्याल रख रही है। नई बीएस-6 डीजल या सीएनजी गाड़ी लेने पर अगले 5 साल तक हर महीने फ्यूल (ईंधन) के लिए वाउचर दिए जाएंगे। हल्के वाहनों के लिए ₹1,200, मध्यम वाहनों के लिए ₹2,500 और भारी वाहनों के लिए ₹4,800 प्रति माह का ईंधन वाउचर मिलेगा। इतना ही नहीं, गाड़ी के प्रकार के हिसाब से ₹64,000 से लेकर ₹2,56,000 तक की बड़ी प्रोत्साहन (कैश) राशि भी सीधे दी जाएगी।
टैक्स और रजिस्ट्रेशन में भी आपको बड़ी राहत मिलने वाली है। नई बीएस-6 गाड़ी का रजिस्ट्रेशन बिल्कुल मुफ्त होगा यानी रजिस्ट्रेशन फीस पर 100% छूट मिलेगी। साथ ही, रोड टैक्स में 10 साल तक के लिए 7% की छूट दी जाएगी। अगर आप पुरानी बीएस-6 गाड़ी भी खरीदते हैं, तो उस पर भी 10 साल तक 50% टैक्स की छूट मिलेगी। यदि आपकी गाड़ी का एक साल पुराना कोई पुराना बकाया टैक्स (पेंडिंग टैक्स) है, तो उसे पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा।
अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं या इसके बारे में और अधिक विस्तार से जानना चाहते हैं, तो आप उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट parivartan.parivahan.gov.in पर जा सकते हैं।


