स्वतंत्रता दिवस से पहले मुरादनगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे

मुरादनगर (हैदर खान): स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व से पूर्व मुरादनगर शहर मंडल में बुधवार को एक भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया।

​यह तिरंगा यात्रा मुरादनगर रेलवे रोड चौकी से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन तक निकाली गई। यात्रा मार्ग पर जिधर देखिए, उधर तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा था। हाथों में तिरंगा थामे कार्यकर्ताओं और नागरिकों के जनसैलाब ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया। पूरे मार्ग पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के राष्ट्रभक्ति नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मेयर गाजियाबाद आशा शर्मा ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उनके साथ शहर के सभी सम्मानित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक पूरी ऊर्जा के साथ यात्रा में शामिल हुए।

​कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आशा शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए।

​इस अवसर पर मुरादनगर शहर मंडल के तमाम पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।