मुरादनगर के “दा बेस्ट इंस्टीट्यूट” की छात्रा तनु सिवाल ने जीता ‘सुरों के सरताज’ सीजन-1 का खिताब

गाजियाबाद (अबशार उलहक) :  ‘सुरों के सरताज’ सीजन-1 में जिलेभर से आए प्रतिभाशाली गायकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों और निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मुरादनगर के गांव अबूपुर की बेटी और दा बेस्ट इंस्टीट्यूट की प्रतिभाशाली छात्रा तनु सिवाल ने अपनी शानदार गायकी से सभी को प्रभावित करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।

कार्यक्रम के दौरान तनु सिवाल ने सुर और आवाज का बेहतरीन तालमेल प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति की जजों और कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने जमकर सराहना की। शानदार प्रदर्शन के बाद तनु को प्रथम स्थान के लिए विजेता घोषित किया गया।

विजेता बनने पर तनु सिवाल को विनर ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और कैश प्राइज देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की आयोजक नेहा जैन एवं रिचा जैन सहित मौजूद अतिथियों ने तनु को उनकी सफलता के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तनु की गायकी से प्रभावित जजों और अतिथियों ने उनके भीतर छिपी प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में बड़े मंचों पर नाम रोशन करने की उम्मीद जताई। वहीं, तनु के गुरु जावेद अमन ने भी उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें आगे भी लगातार मेहनत और रियाज जारी रखने की सलाह दी।

तनु सिवाल की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गुरुजनों और दा बेस्ट इंस्टीट्यूट में खुशी का माहौल है। गांव अबूपुर की बेटी ने अपनी प्रतिभा के दम पर मुरादनगर का नाम रोशन किया है।

तनु सिवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु, परिवार और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने उनके संगीत के सफर में लगातार उनका उत्साहवर्धन किया। तनु की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहर और गांव से निकलकर भी बड़े मंचों पर पहचान बनाई जा सकती है।