गाजियाबाद (अबशार उलहक) : पुलिस विभाग में करीब 41 वर्षों तक पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले सब-इंस्पेक्टर रामकिशोर सिंह आगामी 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उनके सम्मान में मुरादनगर थाना परिसर में देर शाम भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
विदाई समारोह में एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज, थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार मौर्य सहित थाना मुरादनगर का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सब-इंस्पेक्टर रामकिशोर सिंह के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। समारोह में मौजूद पत्रकारों ने भी उन्हें सेवानिवृत्ति की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
1985 में कांस्टेबल से शुरू किया सफर
अलीगढ़ के गभाना क्षेत्र के निवासी रामकिशोर सिंह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने वर्ष 1985 में कांस्टेबल के पद से पुलिस सेवा की शुरुआत की। करीब 19 वर्षों की सेवा के बाद वर्ष 2003 में हेड कांस्टेबल बने और वर्ष 2016 में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत हुए। अपने करीब चार दशक से अधिक लंबे पुलिस सेवाकाल में उन्होंने आगरा, एटा, कासगंज, हापुड़, मैनपुरी और गाजियाबाद समेत आधा दर्जन से अधिक जिलों में अपनी सेवाएं दीं।
परिवार में भी उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त
रामकिशोर सिंह के परिवार में उनकी पत्नी के साथ एक बेटी और दो बेटे हैं। उनके बड़े बेटे सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जबकि छोटे बेटे डॉक्टर हैं। पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने परिवार और ड्यूटी दोनों की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।
साथियों ने नम आंखों से दी विदाई
विदाई समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बिताए सेवाकाल और अनुभवों को याद किया। करीब 41 वर्षों की पुलिस सेवा पूरी करने के बाद जब रामकिशोर सिंह को विदाई दी गई तो माहौल भावुक हो गया। इस मौके पर एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज और थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार मौर्य समेत पुलिस स्टाफ ने उन्हें सम्मानित किया। पत्रकारों ने भी उनकी लंबी पुलिस सेवा के लिए बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।
31 अक्टूबर को पुलिस सेवा से औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त होने वाले रामकिशोर सिंह के लिए यह विदाई समारोह उनके 41 वर्षों के समर्पण और सेवाभाव के सम्मान का यादगार पल बन गया।


