गाजियाबाद (हैदर खान) : मुरादनगर क्षेत्र में शनिवार देर शाम स्क्रैप के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। इस दौरान गोदाम के अंदर से धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना ग्राम मुरादपुर पुर्सी कनौजा रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब रात 9:30 बजे गोदाम में आग लगी। आग लगने की जानकारी सबसे पहले गोदाम के पास रहने वाले एक पड़ोसी ने गोदाम मालिक अय्यूब को फोन करके दी।
अय्यूब के मुताबिक, सूचना मिलते ही वह गोदाम पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी तेजी से फैल चुकी थी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग के दौरान गोदाम से लगातार धमाकों जैसी आवाजें आने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
गोदाम मालिक अय्यूब ने बताया कि यहां करीब दो साल से स्क्रैप का गोदाम संचालित हो रहा है। गोदाम में बड़ी मात्रा में स्क्रैप का सामान रखा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बताई गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।


