मुरादनगर: खसरा नंबर 1005 पर वाल्मीकि सामुदायिक भवन बनाने की उठी मांग, सभासद नितिन कुमार ने बोर्ड बैठक में रखा प्रस्ताव

मुरादनगर (अबशार उलहक) :  नगरपालिका परिषद मुरादनगर की हालिया बोर्ड बैठक में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया गया। वार्ड के सभासद नितिन कुमार ने रावली रोड, चुंगी नंबर-3 स्थित खसरा संख्या 1005 पर वाल्मीकि समाज के लिए एक भव्य सामुदायिक भवन और बारात घर के निर्माण का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा। इस प्रस्ताव के आने के बाद से क्षेत्र के स्थानीय निवासियों में काफी उम्मीद जगी है।

बोर्ड बैठक के दौरान अपनी बात रखते हुए सभासद नितिन कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद परिवार निवास करते हैं। घरों में विवाह, मुंडन या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उचित और सम्मानजनक स्थान का अभाव होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महंगे प्राइवेट बारात घरों का खर्च उठाना बेहद मुश्किल होता है। ऐसे में खसरा संख्या 1005 पर सामुदायिक भवन और बारात घर का निर्माण होने से इन सभी जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत और सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बोर्ड बैठक में यह मांग रखी कि उक्त भूमि का जल्द से जल्द आवश्यक निरीक्षण और सत्यापन कराकर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके साथ ही, नगरपालिका स्तर से आवश्यक कार्यवाही शुरू करते हुए बजट की व्यवस्था के लिए शासन और संबंधित विभागों को जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजा जाए ताकि निर्माण कार्य में तेजी आ सके।

सभासद नितिन कुमार द्वारा उठाए गए इस जनहित के कदम की स्थानीय लोगों और वाल्मीकि समाज के नागरिकों ने भारी प्रशंसा की है। लोगों का मानना है कि यदि शासन स्तर से बजट पास होकर यह प्रस्ताव जल्द धरातल पर उतरता है, तो मुरादनगर के गरीब परिवारों के लिए यह एक बहुत बड़ी सौगात साबित होगी।