पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को एक नई गति देने के लिए वर्ल्ड क्लाइमेट-चेंज फाउंडेशन ने श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी, हरिद्वार की महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि को संस्था का राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। संस्था की ओर से जारी नियुक्ति प्रमाणपत्र के अनुसार यह महत्वपूर्ण नियुक्ति 22 सितंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। इस नियुक्ति के साथ ही संस्था के मुख्य संदेश ‘पेड़ लगाओ – जीवन बचाओ’ को जन-जन तक पहुँचाने और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने की बड़ी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
फाउंडेशन से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से आग्रह किया कि वे अधिकाधिक पेड़ लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। महामंडलेश्वर जी ने पिछले कई सालों से पौधारोपण के साथ-साथ जल पर विश्व की पहली कथा तालबेहट हजारिया महादेव मंदिर में कही है और सोनभद्र की धरती पर 5 लाख पौधों का संकल्प भी दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए आज उठाया गया छोटा सा कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात बन सकता है। उन्होंने सभी से इस पर्यावरण संरक्षण अभियान को एक जनआंदोलन का रूप देने और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया है।
वर्ल्ड क्लाइमेट-चेंज फाउंडेशन ने पूर्ण विश्वास जताया है कि महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि के इस अभियान से जुड़ने से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के संदेश को व्यापक स्तर पर जनसमुदाय तक पहुँचाने में अभूतपूर्व मदद मिलेगी।


