ग्रेटर नोएडा। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में 5 जुलाई 2026 की रात हुई दो बड़ी चोरी/डकैती की घटनाओं के बाद अब निवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एकजुट हो गए हैं। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट कम्युनिटी टीम के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (DCP) शैलेन्द्र सिंह और अपर जिलाधिकारी (ADM) मंगलेश दूबे से मुलाकात कर सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने हालिया घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रवेश और निकास व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा गार्डों की संख्या, रात्रि गश्त और आधुनिक सुरक्षा प्रणाली को और सुदृढ़ करने की मांग रखी। साथ ही पुलिस और प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।
ADM मंगलेश दूबे ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने DCP शैलेन्द्र सिंह से मुलाकात कर हालिया घटनाओं के खुलासे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया। DCP ने आश्वासन दिया कि सोसाइटी की सुरक्षा को लेकर पुलिस हर आवश्यक कदम उठाएगी तथा निवासियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील की।
कम्युनिटी टीम के वरिष्ठ सदस्य रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह और सुन्दर सिंह ने कहा कि प्रत्येक निवासी की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस व प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।
कम्युनिटी टीम के सदस्य अशोक चौधरी ने कहा कि उद्देश्य केवल पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है।

एडवोकेट गौरव शर्मा ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी से लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण सुझावों वाला ज्ञापन भी सौंपा गया है।
राजश्री बिष्ट और इंदु सोनी ने विश्वास जताया कि प्रशासन, पुलिस और कम्युनिटी टीम के संयुक्त प्रयासों से पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।प्रतिनिधिमंडल में हालिया घटना से प्रभावित सी-126 निवासी अपर्णा राय के साथ राजश्री बिष्ट, इंदु सोनी, रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह, सुन्दर सिंह, प्रमोद अग्रवाल, एडवोकेट गौरव शर्मा, संदीप त्यागी और अशोक चौधरी सहित कई प्रमुख निवासी मौजूद रहे। सभी ने आधुनिक तकनीक और बेहतर निगरानी व्यवस्था के माध्यम से सोसाइटी की सुरक्षा को और मजबूत बनाने की मांग दोहराई।


