गाजियाबाद (अबशार उलहक) : जब हुनर और लगन को सही मंच मिलता है, तो सफलता खुद-ब-खुद इतिहास रचती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है मुरादनगर के प्रतिष्ठित श्री हंस इंटर कॉलेज की होनहार छात्राओं ने, जिन्होंने जनपद स्तरीय ‘कला उत्सव-2026’ में अपनी कला और संस्कृति की चमक से पूरे गाजियाबाद जिले में कॉलेज का मान बढ़ाया है।

गाजियाबाद के विजयनगर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित इस भव्य जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में जिलेभर के तमाम नामी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का जौहर दिखाया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, श्री हंस इंटर कॉलेज की बेटियों ने अपने कला कौशल का ऐसा जादू बिखेरा कि हर कोई उनकी प्रतिभा का मुरीद हो गया।
कहानी वाचन के मंच पर जब कक्षा 10 की प्रतिभावान छात्राओं तमन्ना और हिमांशी ने अपनी बात रखी, तो उनकी शैली और भाव-भंगिमा ने निर्णायकों का दिल जीत लिया और उन्होंने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान पर कब्जा जमा लिया। वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोकनृत्य की जब बारी आई, तो विद्यालय की चार ऊर्जावान छात्राओं—ईशा (कक्षा 11), रिया प्रजापति (कक्षा 9), तानिया (कक्षा 11) और गुलिस्ता (कक्षा 11)—की समन्वित और मनमोहक प्रस्तुति ने समां बांध दिया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर इन चारों कलाकारों ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी कला का लोहा मनवाया।

बेटियों की इस दोहरी सफलता से मुरादनगर स्थित विद्यालय परिसर में उत्सव और जश्न का माहौल है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने सभी विजयी छात्राओं के साथ उनकी मार्गदर्शक अध्यापिका हेमलता शर्मा को सम्मानित करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं होतीं, बल्कि यह विद्यार्थियों को उनकी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ उनके भीतर छिपे व्यक्तित्व को निखारने का एक बेहतरीन जरिया हैं। समस्त विद्यालय परिवार ने इन बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया है कि इनकी यह सफलता आने वाले समय में कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का एक नया दीप जलाएगी।


