कृष्णा विद्या निकेतन में सीबीएसई नॉर्थ जोन गर्ल्स फुटबॉल क्लस्टर का शानदार समापन

मुरादनगर(हैदर खान) स्थानीय कृष्णा विद्या निकेतन में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन गर्ल्स फुटबॉल क्लस्टर U-14, U-17 एवं U-19 प्रतियोगिता का 18 जुलाई को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 15 से 18 जुलाई तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और शहरों के सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों की छात्राओं ने अभूतपूर्व उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की टीम भावना और शानदार प्रदर्शन ने पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रखा।

​प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 जुलाई की प्रातः डॉ. नितिन तोमर द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया था। वहीं 18 जुलाई की सायं डॉ. सत्यवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी तथा पुरस्कार वितरित कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। पूरी प्रतियोगिता सीबीएसई द्वारा नियुक्त आब्जर्वर विवेक मलिक के कुशल निर्देशन में निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराई गई।

​रोमांचक मुकाबलों के बीच U-14 आयु वर्ग में हल्द्वानी का शिवालिक स्कूल प्रथम स्थान पर रहा, जबकि नोएडा का स्टेप बाई स्टेप स्कूल द्वितीय स्थान पर और श्री राम ग्लोबल स्कूल नोएडा व एमिटी इंटरनेशनल स्कूल वसुंधरा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। U-17 वर्ग में गौतम बुद्ध नगर का एस्टर पब्लिक स्कूल विजेता बना, डीपीएसजी गाजियाबाद ने द्वितीय स्थान हासिल किया तथा स्मार्ट इंडिया स्कूल रामपुर एवं प्रज्ञान इंटरनेशनल नोएडा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। U-19 वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल नोएडा ने पहला स्थान प्राप्त किया, स्टेप बाई स्टेप स्कूल नोएडा दूसरे स्थान पर रहा और मदर ग्लोबल स्कूल कोटद्वार व कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल नोएडा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

​इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली विजेता टीमों को सीबीएसई द्वारा सीधे राष्ट्रीय स्तर (नेशनल) की फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।

​आयोजन की सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक विकास राणा एवं प्रधानाचार्य कल्पना त्यागी ने सभी टीमों के प्रशिक्षकों, निर्णायकों, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कृष्णा विद्या निकेतन द्वारा प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा का उत्कृष्ट प्रबंधन किया गया, जिसकी सभी प्रतिभागी टीमों और सीबीएसई अधिकारियों ने सराहना की।