गाजियाबाद (अबशार उलहक): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में यह दिन विशेष सेवा और उत्सव के रूप में मनाया गया। मुरादनगर के विधायक अजीतपाल त्यागी के नेतृत्व में क्षेत्र के कई प्रमुख स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां हजारों दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन और यशस्वी कार्यकाल की कामना की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत विकास की नई रफ्तार के प्रतीक बने मुरादनगर रैपिड मेट्रो स्टेशन से हुई। यहां विधायक अजीतपाल त्यागी और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विधायक त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ओजस्वी नेतृत्व में देश के साथ-साथ मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र भी विकास के नए मील के पत्थर छू रहा है। रैपिड मेट्रो जैसी आधुनिक परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि देश किस तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित है।

रैपिड मेट्रो स्टेशन के बाद ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मुरादनगर के धार्मिक स्थलों और पावन गंग नहर पर भी विशेष आयोजन किए गए। इसी कड़ी में असालत नगर के हनुमान मंदिर में 1100 और सुराना मंदिर में 2100 दीप जलाए गए। इसके अलावा मुरादनगर गंग नहर के तट पर भी 2100 दीप प्रज्वलित किए गए।

इन सभी स्थानों पर जलाए गए दीपों की यह पावन ज्योति प्रधानमंत्री के प्रति जनता की अगाध श्रद्धा, मंगलकामनाओं और राष्ट्रसेवा के दृढ़ संकल्प का प्रतीक बनी। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र के नारों से गूंज उठा।


