गाजियाबाद (दीपक मिश्रा) : जिले में नवागंतुक आईपीएस अधिकारी रिजुल ने ट्रांस हिंडन जोन के पुलिस उपायुक्त यानी डीसीपी का पदभार संभाल लिया है। पदभार संभालते ही वह पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने साफ कर दिया कि पुलिस की वर्दी केवल एक पद नहीं है, बल्कि आम लोगों को सुरक्षा और न्याय का विश्वास दिलाने का एक मजबूत माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ अपराधियों के मन में डर पैदा करना नहीं है, बल्कि कानून का पालन करने वाले नागरिकों के दिलों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। चार्ज संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे लोगों से सीधे बात की और उनकी समस्याओं को बहुत गंभीरता से सुना।
डीसीपी रिजुल ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान सबसे पहले किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत की जांच पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय के भीतर होनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता को तुरंत और निष्पक्ष न्याय दिलाना तथा इलाके में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और काम में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


