मुरादनगर (अबशार उलहक) : पवित्र श्रावण मास के पावन अवसर पर दिल्ली-मेरठ रोड स्थित पिलर नंबर 921, बिजली घर के पास ‘मित्र मंडल कावड़ सेवा समिति’ द्वारा विशाल कावड़ सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों शिव भक्तों की नि:स्वार्थ सेवा और विश्राम के लिए यह शिविर एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है।

शिविर में कावड़ियों के लिए 24 घंटे शुद्ध सात्विक भोजन, विशाल भंडारा, स्वच्छ पेयजल, गर्म दूध और चाय की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शिव भक्तों को मौसम की प्रतिकूलता से बचाने के लिए एक विशाल वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया है। लंबी पैदल यात्रा से थके हुए श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्राथमिक चिकित्सा, आवश्यक दवाओं एवं पैरों की मालिश का समुचित प्रबंध किया गया है।

आयोजन के दौरान क्षेत्रीय विधायक अजीत पाल त्यागी, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी, तहसीलदार रजत सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (मसूरी) सुनील भारद्वाज, थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार मौर्य, पूर्व चेयरमैन विकास तेवतिया और भाजपा प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों एवं जन-प्रतिनिधियों ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सेवा कार्य में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष विष्णु कुमार कैलाशी (बिन्नू भैया), पंकज गर्ग (जिला महामंत्री, उद्योग व्यापार मंडल), गोपाल गुप्ता (बूरा वाले), राहुल मित्तल, अरविंद भारतीय, राधे किशन अरोड़ा, कुलदीप गर्ग, अजय वर्मा, देवेंद्र गर्ग, हरिओम गुप्ता एवं प्रमोद गोयल सहित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। समिति के अध्यक्ष विष्णु कुमार मित्तल ने बताया कि कावड़ियों की सेवा ही भगवान भोलेनाथ की सबसे बड़ी पूजा है और समिति का मुख्य उद्देश्य मुरादनगर से गुजरने वाले हर शिव भक्त को सुरक्षित और आरामदायक माहौल प्रदान करना है।


