नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी के 71, नॉर्थ एवेन्यू स्थित केंद्रीय कार्यालय में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन चिकित्सा प्रकोष्ठ, दिल्ली प्रदेश द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. विभु आनंद ने किया।

इस अवसर पर पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक तथा दिल्ली प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष प्रणव कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य शिविर में करीब 200 से 250 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। साथ ही ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल एवं विभिन्न रक्त जांच सहित फुल बॉडी चेकअप की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में विभिन्न अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। Healing Hands Multispeciality Clinic की टीम ने भी स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. विभु आनंद ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।


