मुरादनगर (अबशार उलहक) : सावन के पवित्र महीने में चारों ओर गूंज रहे ‘बम बम भोले’ के जयकारों के बीच मुरादनगर के प्रतिभाशाली युवा गायक हिमांशु कंसल का नया भक्ति गीत ‘भोले का सिमरन’ भव्य रूप से रिलीज़ कर दिया गया है। देश की अग्रणी म्यूज़िक कंपनियों में से एक मोक्ष म्यूज़िक के बैनर तले जारी हुए इस गाने ने आते ही शिव भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया है।
नगर स्थित ‘द बेस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूज़िक एंड डांस’ में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान गाने के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के गुरु जावेद अमन ने कहा कि हिमांशु के निरंतर प्रशिक्षण, कड़े अभ्यास और लगन के परिणामस्वरूप ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर का यह बड़ा मंच प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में हिमांशु की माताजी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिनका अतिथियों ने आत्मीय स्वागत करते हुए बेटे की इस सफलता पर बधाई दी। पोस्टर विमोचन के दौरान समाजसेवी दमयंती सिंह, रचना त्यागी, विवेक प्रकाश गर्ग, पवन त्यागी, ललित गोयल, पवन सिंह, प्रियंका शर्मा, अंजलि शर्मा और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने हिमांशु कंसल और उनके गुरु जावेद अमन को सम्मानित किया तथा विश्वास जताया कि ‘भोले का सिमरन’ श्रोताओं के दिलों में अपनी खास जगह बनाएगा। कार्यक्रम का समापन गुरु जावेद अमन द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों और समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।


