गाजियाबाद (अबशार उलहक) : सावन के महीने में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और लाखों शिवभक्तों (कांवड़ियों) का आगमन गाजियाबाद सीमा में हो चुका है। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर गाजियाबाद पुलिस पूरी मुस्तैदी से सड़कों पर डटी हुई है। इसी बीच निवाड़ी थानाध्यक्ष अंकित कुमार का एक सराहनीय चेहरा सामने आया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।

बारिश में ड्यूटी के साथ बांटी राहत
निवाड़ी थानाध्यक्ष अंकित कुमार तेज बारिश के बावजूद नहर रोड स्थित सौंदा पुल बैरियर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। वह न केवल कानून-व्यवस्था और यातायात को दुरुस्त रखने में मुस्तैद दिखे, बल्कि जब उन्होंने पदयात्रा कर रहे नन्हे कांवड़ियों को दर्द से परेशान देखा, तो खुद आगे बढ़कर उनकी मदद की।
छोटे कांवड़ियों को दी स्वास्थ्य सेवा
थानाध्यक्ष ने ड्यूटी पर तैनात रहने के साथ-साथ नन्हे-मुन्ने कांवड़ियों के पैरों में पड़े छालों और दर्द का प्राथमिक इलाज किया। उन्होंने खुद अपने हाथों से दवा और मरहम लगाकर छोटे बच्चों को स्वास्थ्य सेवा दी और उनका मनोबल बढ़ाया। थानाध्यक्ष की इस आत्मीयता और सेवा भाव को देखकर न केवल नन्हे कांवड़िए गदगद हो गए, बल्कि वहां मौजूद अन्य श्रद्धालु भी भावुक नजर आए।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल, लोगों ने की तारीफ
निवाड़ी थानाध्यक्ष अंकित कुमार की बारिश में ड्यूटी करते और बच्चों का इलाज करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। पुलिस के इस मानवीय चेहरे को देखकर आम जनता और श्रद्धालु उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां एक तरफ पुलिस पर सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी तरफ अंकित कुमार जैसी संवेदनशीलता पुलिस महकमे के प्रति जनता का विश्वास और सम्मान कई गुना बढ़ा देती है।


