मुरादनगर (अबशार उलहक) : सावन माह की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान जहां विभिन्न सामाजिक संस्थाएं शिवभक्तों की सेवा में जुटी हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। मुरादनगर के पाइपलाइन रोड स्थित शिव कांवड़ सेवा संघ के सबसे बड़े शिविर में सीएचसी मुरादनगर (नगर) द्वारा स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन लगभग 300 से 400 कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य शिविर में तैनात चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी दिन-रात शिवभक्तों की सेवा में लगे हुए हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं, रक्तचाप एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. शालिनी सिंह, डॉ. ऋतु राज कुशवाहा, स्टाफ नर्स रीता शर्मा, एएनएम प्रियंका राय, एएनएम प्रीति शर्मा, रिदम त्यागी (डी. फार्मा), विपिन त्यागी (डी. फार्मा), हर्ष शर्मा (डी. फार्मा) तथा रजत त्यागी (डी. फार्मा) अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए काफी राहतभरी साबित हो रही है। शिविर में मौजूद चिकित्सा टीम पूरी मुस्तैदी के साथ सेवा कार्य में लगी हुई है, जिससे हजारों शिवभक्त सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।


