नोएडा : पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-1 प्रभारी अमित मान की सूझबूझ से दबोचे गए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर उनके कब्जे से करीब 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-8 स्थित नर्सरी गेट के पास से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. मुजफ्फर अंसारी पुत्र जियाबुल अंसारी और टिंकू पुत्र रामबाबू, निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-9, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली लाते थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए इन पैकेटों को ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में रखवाया जाता था। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी पैकेटों को एकत्र कर बड़ी बोरियों में भर लिया जाता था और फिर किराये के ऑटो व ई-रिक्शा के जरिए फुटकर विक्रेताओं तक इसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-1 में मु.अ.सं. 309/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।


