मुरादनगर (हैदर खान) : शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर मानवता और सेवा का एक अनूठा और प्रेरणादायक आयोजन देखने को मिला। लायंस क्लब लाइफलाइन मुरादनगर, एलायंस क्लब समर्थ और बून एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दयानंद जूनियर पाठशाला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश के महान दार्शनिक और प्रथम उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को याद करते हुए शिक्षकों को सम्मानित किया गया और बच्चों के साथ पूरा दिन बेहद उत्साह के साथ बिताया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सबसे पहले जीवन की प्रथम गुरु माँ को वंदन किया गया और इसके बाद हमारे जीवन को गढ़ने वाले सभी गुरुजनों को नमन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती गीता चौधरी और उनके समस्त स्टाफ को अंगवस्त्र, पेन और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों के इस सम्मान समारोह से पूरा विद्यालय परिसर गौरवान्वित महसूस कर रहा था।

विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष रूप से ड्राइंग और जनरल नॉलेज की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के साथ खेलकूद और बातचीत कर एक यादगार समय बिताया गया। इस दौरान कुछ बच्चे यह देखकर भावुक हो गए कि कोई उनकी इतनी इज्जत और परवाह कर रहा है, जिसके बाद सदस्यों ने सभी बच्चों का हौसला बढ़ाया और उन्हें पौष्टिक फूड पैकेट्स वितरित किए। स्कूल प्रबंधन ने सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत किया और आभार जताया।
इस खूबसूरत और व्यवस्थित कार्यक्रम की रूपरेखा लायंस क्लब लाइफलाइन से लायन सीता शर्मा, एलायंस जावेद अमन, एलायंस सोनिया त्यागी, एलायंस बाला पाल और रीजन चेयर पर्सन PMJF Ln. दमयंती सिंह ने मिलकर तैयार की और इसे सफलतापूप्रक क्रियान्वित किया, जिससे सभी को गहरी आत्म-संतुष्टि की प्राप्ति हुई। कार्यक्रम में पुष्पा त्यागी, अजय सिरोही और निशांत यादव सहित अन्य लोग भी शामिल रहे। अंत में सभी ने लोगों से अपील की कि लायंस क्लब मानव सेवा का एक बहुत बड़ा और समर्पित माध्यम है, इसलिए आप सब भी आगे आएं और इस नेक कार्य में अपना हाथ बंटाएं।


