नंबर प्लेट बदलकर घूम रहे थे वाहन चोर, मुरादनगर पुलिस की चेकिंग में चढ़े हत्थे

गाजियाबाद (अबशार उलहक) : थाना मुरादनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम द्वारा 4 मई 2026 को चेकिंग के दौरान आईटीएस मुरादनगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सैंधली से शोभापुर जाने वाले रास्ते पर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान दिपांशु उर्फ भानू (उम्र 22 वर्ष) और नितिन उर्फ अर्जुन (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुरादनगर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसे करीब 8 माह पहले दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके से चोरी किया गया था और पकड़े जाने के डर से अभियुक्तों ने उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी।

तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से लोहे का एक सरिया भी मिला है, जिसका उपयोग वे वाहनों के लॉक तोड़ने के लिए करते थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तारी के वक्त भी ये दोनों किसी अन्य वाहन को चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे। बरामदगी के आधार पर थाना मुरादनगर में इनके विरुद्ध धारा 345(3), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आपराधिक इतिहास की बात करें तो दिपांशु उर्फ भानू के खिलाफ मुरादनगर, न्यू अशोक नगर और इंदिरापुरम थाने में कुल तीन मामले दर्ज हैं, जबकि नितिन उर्फ अर्जुन के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा इन दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।