मुरादनगर के रावली कलां से मुंबई तक: सोनू त्यागी की वेब सीरीज़ में धुरंधर स्टार राकेश बेदी निभाएंगे खास भूमिका

गाज़ियाबाद/ मुरादनगर (अबशार उलहक) : गाज़ियाबाद जिले के मुरादनगर क्षेत्र के गांव रावली कलां निवासी और वर्तमान में मुंबई में सक्रिय अवॉर्ड-विनिंग लेखक, निर्देशक और निर्माता सोनू त्यागी की बहुप्रतीक्षित स्पिरिचुअल वेब सीरीज़ ‘टू ग्रेट मास्टर्स’ में धुरंधर से  चर्चित अभिनेता राकेश बेदी एक महत्वपूर्ण   भूमिका निभाते नजर आएंगे। राकेश बेदी हाल ही में सुपरहिट फिल्म धुरंधर और उसकी सफल सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज से चर्चा में हैं। सोनू त्यागी प्रमुख फिल्म निर्माण और सेलिब्रिटी मैनेजमेंट कंपनी एप्रोच एंटरटेनमेंट और आध्यात्मिक संस्था गो स्पिरिचुअल के संस्थापक है

‎यह वेब सीरीज़ भारत के दो महान आध्यात्मिक महापुरुषों — स्वामी विवेकानंद और परमहंस योगानंद — के जीवन, विचारों और शिक्षाओं पर आधारित है। समकालीन अंदाज़ में प्रस्तुत की गई यह सीरीज़ आज की पीढ़ी तक आध्यात्मिकता, आत्मविकास और जीवन के गहरे संदेशों को पहुँचाने का प्रयास करती है।

‎एम.एम.एच कॉलेज, गाज़ियाबाद से मनोविज्ञान (Psychology) में स्नातक सोनू त्यागी ने ‘टू ग्रेट मास्टर्स’ को क्रिएट, सह-निर्मित और सह-निर्देशित किया है। वे आगामी अंतरराष्ट्रीय फिल्म लिबरेशन के सह-निर्माता भी हैं और जल्द रिलीज़ होने वाली फिल्म कैंप डिसेंट  में क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रहे हैं, जिसमें बृजेंद्र काला, राजपाल यादव, सारा खान और हेमंत पांडेय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‎‘टू ग्रेट मास्टर्स’ का निर्देशन अनुराग शर्मा और सोनू त्यागी ने संयुक्त रूप से किया है। अब निर्माता इसे और अधिक भव्य रूप में कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, टेलीविजन और डिजिटल माध्यमों पर रिलीज़ करने की तैयारी कर रहे हैं।

‎राकेश बेदी का इस सीरीज़ से जुड़ना इसे और भी खास बनाता है। उनकी सहज प्रस्तुति, अनुभव और लोकप्रियता दर्शकों को इस आध्यात्मिक यात्रा से गहराई से जोड़ने का काम करेगी।

‎सोनू त्यागी ने कहा,

‎“मैं बेहद खुश हूं कि राकेश बेदी जी ‘टू ग्रेट मास्टर्स’ का हिस्सा बने हैं। धुरंधर और धुरंधर: द रिवेंज की बड़ी सफलता के बाद उनका जुड़ना इस प्रोजेक्ट को नई ऊंचाई देगा। हमारा उद्देश्य स्वामी विवेकानंद और परमहंस योगानंद के प्रेरणादायक विचारों को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचाना है।”

सोनू त्यागी है कौन ? 

‎सोनू त्यागी एक अवॉर्ड-विनिंग लेखक, निर्देशक, निर्माता और उद्यमी हैं। उन्होंने मनोविज्ञान में स्नातक करने के साथ विज्ञापन प्रबंधन, पत्रकारिता और फिल्म निर्माण की शिक्षा भी प्राप्त की है।

‎वे अप्रोच एंटरटेनमेंट ग्रुप और गो स्पिरिचुअल के संस्थापक हैं। हाल ही में उन्हें मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए “टॉप मोस्ट लीडर इन मेंटल हेल्थ” अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

वेब सीरीज़ में ये कलाकार भी आएंगे नजर

‎‘टू ग्रेट मास्टर्स’ में अनुराग शर्मा, दीप शर्मा, पावली कश्यप और दुर्गा कम्बोज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह सीरीज़ लेखक अमृत गुप्ता की चर्चित पुस्तक  ‘टू ग्रेट मास्टर्स’ पर आधारित है।

‎वेब सीरीज़ जल्द ही मल्टी-प्लेटफॉर्म रिलीज़ के लिए तैयार की जा रही है।