गाजियाबाद: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी और एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक ने संभाला मोर्चा

गाजियाबाद (हैदर खान) : आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाने के लिए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन और अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री वरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कमिश्नरेट के विभिन्न कांवड़ मार्गों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों आला अधिकारियों ने तीनों जोन के यातायात निरीक्षकों के साथ धरातल पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन के प्लान की जमीनी समीक्षा की।

​चूंकि कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त जिला बन जाता है, जहां से लाखों की संख्या में शिवभक्त गुजरते हैं, इसलिए अधिकारियों ने खुद मार्गों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान संबंधित यातायात निरीक्षकों और पुलिस अधिकारियों को यातायात संचालन, डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

​अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता को भी कम से कम असुविधा होनी चाहिए। इसके लिए समय रहते रूट डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन दोनों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस की इस सक्रियता से साफ है कि प्रशासन आगामी यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।