सावधान! दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर प्रतिबंधित वाहनों के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, ₹20,000 तक के जुर्माने का प्रहार

गाजियाबाद (हैदर खान): दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने अब कमर कस ली है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस द्वारा एक्सप्रेस-वे पर प्रतिबंधित वाहनों के संचालन को पूरी तरह रोकने के लिए एक विशेष महा-अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि एक्सप्रेस-वे की मुख्य लेन में दोपहिया, तिपहिया और धीमी गति वाले वाहनों का प्रवेश न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी है।

​इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस बल ने एक्सप्रेस-वे के प्रवेश द्वारों पर मुस्तैदी बढ़ा दी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर तैनात अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी प्रतिबंधित वाहन एक्सप्रेस-वे पर पाया जाता है, तो उस पर ₹20,000 तक का भारी-भरकम जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं है, बल्कि ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ के संकल्प को धरातल पर उतारना है ताकि तेज रफ्तार के इस सफर में मासूम जिंदगियां सुरक्षित रह सकें।

​यातायात पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने वाहन चालकों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न करें। एक्सप्रेस-वे पर हाई-स्पीड गाड़ियों के बीच बाइक या ऑटो लेकर आना हादसों को न्योता देना है, इसलिए सभी चालक निर्धारित सर्विस रोड का ही उपयोग करें। प्रशासन की इस सख्ती से अब एक्सप्रेस-वे पर अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर लगाम लगने की उम्मीद है और आने वाले दिनों में यह अभियान और भी ज्यादा प्रभावी तरीके से जारी रहेगा।