गाजियाबाद: यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़कों पर उतरे अपर पुलिस उपायुक्त वरुण कुमार सिंह, पुलिसकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश

गाजियाबाद (हैदर खान) :  यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने के लिए अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने रात के समय जिले के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर तैनात पुलिसकर्मियों की चेकिंग की और ड्यूटी के प्रति सतर्क रहने के कड़े निर्देश दिए।

​वरुण कुमार सिंह ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से कहा कि रात के समय गाजियाबाद की सड़कों पर यातायात संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और पूरी सक्रियता के साथ काम किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि रात में ड्यूटी के दौरान रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च, वायरलेस सेट और अन्य सभी जरूरी उपकरण अनिवार्य रूप से अपने साथ रखें।

​अपर पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों का हर समय अलर्ट रहना बहुत जरूरी है। उन्होंने निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सख्ती से किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और आम जनता को आवागमन में किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।