मुरादनगर (हैदर खान): दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। गांव बसंतपुर सैतली के पास एक तेज रफ्तार बस ने ड्यूटी से घर लौट रहे दो बाइक सवारों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। इस हादसे के कारण हाइवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।

गहरी दोस्ती, एक साथ जाते थे ड्यूटी
जानकारी के अनुसार, गांव डिड़ौली के रहने वाले 45 वर्षीय विपिन त्यागी और मोदीनगर की भूपेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय जयपाल सिंह बसंतपुर सैतली स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे रोजाना एक साथ ही ड्यूटी आते-जाते थे। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे शिफ्ट खत्म होने के बाद, दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले थे।
ओवरटेक करने की होड़ ने ली जान
शाम करीब 7:00 बजे जब वे दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बसंतपुर सैतली गेट से आगे यू-टर्न के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी बस चालक काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था और आगे चल रही एक अन्य बस से आगे निकलने (ओवरटेक) की होड़ में था। यू-टर्न के पास स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद उसने बस की रफ्तार कम नहीं की, जिसके चलते बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार हवा में कई फीट उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद घायल करीब 10 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बस में 50 से अधिक सवारियां बैठी थीं, लेकिन चालक बस समेत मौके से भागने में सफल रहा। विपिन त्यागी परिवार के इकलौते कमाने वाले थे; सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हाइवे पर लगा जाम
सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और भीड़ के कारण दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया।
पुलिस का बयान
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि:
”बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक और बस की तलाश की जा रही है। जल्द ही बस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”


