मुरादनगर में बकरीद को लेकर एक्शन में पुलिस: सौहार्द बिगाड़ने वालों की खैर नहीं! खुले में कुर्बानी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

गाजियाबाद (अबशार उलहक) : आगामी त्योहार बकरीद को शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए मुरादनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। इसी सिलसिले में क्षेत्र की चामुंडा पुलिस चौकी पर थानाध्यक्ष अंकित कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में साफ कर दिया कि क्षेत्र में अमन-चैन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

‎थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचते हुए सख्त लहजे में कहा कि कानून का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसलिए प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने या उनका परिवहन करने वालों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता पर जोर देते हुए जनता से अपील की कि कुर्बानी हमेशा निर्धारित और ढकी हुई जगहों पर ही की जाए क्योंकि सार्वजनिक या खुले स्थानों पर ऐसा करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, उन्होंने कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को खुले में फेंकने के बजाय जमीन में दफनाने या नगर पालिका की गाड़ी के हवाले करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र में गंदगी और बीमारी न फैले।

‎त्योहार के दौरान माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी डिजिटल पहरा बिठा दिया है। थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने सचेत किया कि फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर पुलिस की साइबर सेल सक्रिय रहेगी, इसलिए किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट, वीडियो या अफवाह शेयर करने वाले के खिलाफ सीधे मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में खुद कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत सीधे थाने को सूचित करें।

‎बैठक के समापन पर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने सभी क्षेत्रवासियों को बकरीद की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि मुरादनगर का इतिहास हमेशा से आपसी सौहार्द का रहा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार भी सभी लोग मिलकर इस त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन सुरक्षा और सहयोग के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है। इस दौरान बैठक में मौजूद सभी संभ्रांत नागरिकों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने में पुलिस का कंधा से कंधा मिलाकर सहयोग करेंगे।