गाजियाबाद/दुहाई (हैदर खान): गाजियाबाद कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता, ईमानदारी और जन-सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। कांवड़ यात्रा के दौरान हरियाणा के एक कांवड़िया का गुम हुआ बैग ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बैग मिलते ही श्रद्धालुओं ने गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस और टीआई अशेष बाबू की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
विश्राम के दौरान छूट गया था कीमती सामान प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज 6 अगस्त 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे टीआई अशेष बाबू गुलधर से दुहाई की ओर गश्त पर थे। इसी दौरान गुलधर मेट्रो पिलर मार्शल-8 पर तैनात टीएसआई विक्रम सिंह को श्रद्धालुओं ने आकर सूचना दी कि छपैडा (नूह मेवात, हरियाणा) निवासी कांवड़िया दयाचंद पुत्र लाल जी का बैग दुहाई स्थित गोशाला फाटक शिव मंदिर पर विश्राम के दौरान छूट गया है। बैग में ₹25,000 नगद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था।
टीआई अशेष बाबू की मुस्तैदी से मिली सफलता मामले की गंभीरता को देखते हुए टीएसआई विक्रम सिंह ने तुरंत टीआई अशेष बाबू को फोन द्वारा सूचित किया। सूचना मिलते ही टीआई अशेष बाबू बिना एक पल गंवाए दुहाई गोशाला कांवड़ कैंप पहुंचे। उन्होंने तत्परता से छानबीन कर कांवड़िया दयाचंद का बैग पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया और गुलधर मेट्रो स्थल पर कांवड़िए के सुपुर्द कर दिया।
कांवड़ियों ने की गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस और टीआई की सराहना गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की इस तत्परता, ईमानदारी और सहयोगात्मक रवैये से प्रभावित होकर कांवड़िया दयाचंद और उनके साथियों ने राहत की सांस ली। बैग मिलते ही सभी श्रद्धालुओं ने गाजियाबाद पुलिस, विशेषकर टीआई अशेष बाबू व टीएसआई विक्रम सिंह की इस शानदार कार्रवाई के लिए दिल से सराहना की और आभार व्यक्त किया।


