गाजियाबाद का 25 हजार का इनामी हाजी सलमान राजस्थान से गिरफ्तार, विधायक नंदकिशोर को अपशब्द कहने पर क्राइम ब्रांच का कड़ा एक्शन

गाजियाबाद (अबशार उलहक): लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को कथित तौर पर अपशब्द कहने वाले 25,000 रुपये के इनामी आरोपी हाजी सलमान को गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से हिरासत में ले लिया है। यह पूरी कार्रवाई क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत और उप निरीक्षक बॉबी बालियान के नेतृत्व में की गई है।

‎प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाजी सलमान (पुत्र बुंदू, निवासी गोरी पट्टी, लोनी, गाजियाबाद) को राजस्थान स्थित बस्सी टोल प्लाजा के आसपास से हिरासत में लिया गया है।

परिजनों और अधिवक्ता ने जताई फर्जी मुठभेड़ की आशंका:

‎हाजी सलमान के हिरासत में लिए जाने के बाद उनके अधिवक्ताओं और परिजनों ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। अधिवक्ता नदीम अख्तर की ओर से राजस्थान के चित्तौड़गढ़ (बीजयपुर) पुलिस थाने को ईमेल के जरिए तत्काल शिकायत भेजी गई है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि उन्हें किसी फर्जी पुलिस मुठभेड़ में नुकसान पहुंचाया जा सकता है। साथ ही, उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा, हिरासत का वास्तविक स्थान, समय, कारण और आवागमन का डिजिटल/CCTV रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की गई है। शिकायत में पूर्व में हिंदू रक्षा दल से संबंधित गतिविधियों के विवाद का हवाला देते हुए विशेष सावधानी बरतने की भी बात कही गई है।

किसके इशारे पर कहे गए थे अपशब्द?

‎अब क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम हिरासत में लिए गए हाजी सलमान से गहनता से पूछताछ करेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किसके इशारे और सह पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था और इस पूरे प्रकरण के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।