शिक्षक दिवस पर एसीपी उपासना पाण्डेय ने स्कूली बच्चों के साथ बांटी खुशियां, दिए सफलता के मंत्र

गाजियाबाद (दीपक मिश्रा) : शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शनिवार (5 सितम्बर) को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कोतवाली, उपासना पाण्डेय ने स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खास समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ सहज बातचीत की और अपने प्रेरक विचारों से उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी ने बच्चों को कड़ी मेहनत, ईमानदारी और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने का गुरुमंत्र दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली हर चुनौती का सामना पूरे आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ करना चाहिए।
शिक्षक दिवस पर अपने बीच पुलिस अधिकारी को पाकर बच्चे बेहद खुश और उत्साहित नजर आए। बच्चों ने बिना किसी झिझक के एसीपी से कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बेहद सरलता और आत्मीयता से उत्तर दिया। संवाद के अंत में उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।