गाजियाबाद (दीपक मिश्रा)। शासन की मंशानुसार आमजन को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाने के लिए गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ बेहद गंभीर नजर आ रहे हैं। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित रोजाना की जनसुनवाई में उस वक्त एक भावुक और उम्मीद भरा माहौल देखने को मिला, जब जिले के गरीब और पीड़ित परिवार अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचे। जिलाधिकारी द्वारा गरीबों की संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाकर वास्तविक हकदारों को उनका हक दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का सकारात्मक असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी अभियान से प्रेरित होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे अनेक पीड़ित परिवारों ने अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया और कहा कि उन्हें इस कार्रवाई से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद जगी है।

जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी भूमि, मकान और अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जे की शिकायतें लेकर पहुंचे थे। कई पीड़ितों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी व्यथा रखते हुए कहा कि वे लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और दबंगों द्वारा उनकी जमीनों पर जबरन कब्जा करने की साजिश रची जा रही है, साथ ही उन्हें धमकियां व मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। फरियादियों ने एक सुर में गुहार लगाते हुए कहा कि साहब, जिस तरह अन्य पीड़ितों को राहत दिलाकर उनका गृह प्रवेश कराया जा रहा है, उसी तरह हमें भी दबंगों से मुक्ति दिलाकर हमारी संपत्ति वापस दिलाई जाए और न्याय किया जाए।
इस जनसुनवाई में केवल भूमि विवाद और दबंगों की शिकायतें ही नहीं आईं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक ढिलाई से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। कलेक्ट्रेट में आए लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राजस्व संबंधी प्रकरणों तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन भी जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को बेहद गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जबरन कब्जा और धमकी देने वाले रसूखदारों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने साफ कहा कि ऐसे दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि जन शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए ताकि आम जनता का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह साफ दर्शाती है कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से आशान्वित हैं और जिलाधिकारी की इस जनहितकारी पहल को सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट में एडीएम ई ज्योति मौर्य, एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम एलए अवनीश सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य सभी प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।


