नोएडा/गौतम बुध नगर। प्रदेश में औद्योगिक शांति बनाए रखने और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गौतम बुध नगर में औद्योगिक असामंजस्य के समाधान हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति ने अपनी कार्यवाही तेज कर दी है।
समिति द्वारा बहुचरणीय बैठकों का दौर जारी है, जिसमें श्रमिकों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ विस्तार से संवाद किया जा रहा है। इन बैठकों में श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है और उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, समिति श्रमिकों के वेतन, कार्य परिस्थितियों, सुरक्षा मानकों और अन्य लंबित मुद्दों का गहनता से अनुश्रवण कर रही है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी स्तर पर श्रमिकों के अधिकारों का हनन न हो।
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों के हितों की रक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर समिति को निर्देश दिए गए हैं कि सभी मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि औद्योगिक गतिविधियों पर किसी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि समिति की सिफारिशों के आधार पर जल्द ही ठोस निर्णय लिए जाएंगे, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में स्थिरता और संतुलन कायम हो सके।


