मुरादनगर अवैध यूनिपोल का मामला पहुंचा जिलाधिकारी के दरबार: गौ रक्षा दल जिलाध्यक्ष ने जांच कर कार्रवाई की मांग की

मुरादनगर (अबशार उलहक) : राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मुरादनगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए जा रहे विज्ञापनों के यूनिपोलों को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर मामले को लेकर गौ रक्षा दल गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष गुलशन राजपूत ने गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी और मोदीनगर के उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने एनएच-58 पर स्थापित किए जा रहे यूनिपोलों की निष्पक्ष जांच कराने और अवैध पाए जाने पर उन्हें तत्काल हटाए जाने की मांग की है।

शिकायत में आशंका जताई गई है कि मुरादनगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बिना किसी वैध अनुमति, एनओसी और नियमानुसार स्वीकृति के बड़े-बड़े यूनिपोल खड़े किए जा रहे हैं। बिना अनुमति के लगाए जा रहे ये यूनिपोल न केवल सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हैं, बल्कि इनसे शासन को मिलने वाले राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। इसके साथ ही राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी काफी बढ़ गया है।

इस मामले में नगर पालिका परिषद मुरादनगर के कुछ अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार स्थानीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत और संरक्षण के कारण ही नियमों को दरकिनार कर यह काम धड़ल्ले से चल रहा है। यदि जांच में यह बात सच साबित होती है, तो यह एक बड़ा प्रशासनिक और वित्तीय घोटाला हो सकता है।

गुलशन राजपूत ने मांग की है कि एनएच-58 पर लगे सभी यूनिपोलों की स्वीकृति, अनुबंध और राजस्व रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच की जाए। जांच के दौरान नियमों के विपरीत पाए जाने वाले यूनिपोलों को तुरंत हटाकर दोषी व्यक्तियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस पूरी जांच प्रक्रिया की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने और भविष्य में बिना अनुमति के यूनिपोल लगाने पर प्रभावी रोक लगाने की भी अपील की है ताकि जनहित और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।