गाजियाबाद (हैदर खान) : पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की मुरादनगर थाना पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में चोरी की विभिन्न घटनाओं को अंजाम देने वाले दस हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेंद्र उर्फ गंजा के रूप में हुई है।
थाना मुरादनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 25 मई 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से एक खास सूचना मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुरादनगर क्षेत्र से आरोपी नरेंद्र उर्फ गंजा पुत्र रामपाल को गिरफ्तार कर लिया। करीब 30 वर्षीय यह आरोपी मूल रूप से तिलक कॉलोनी, थाना सुभाष नगर, जिला बरेली का रहने वाला है।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह आज मुरादनगर में नई वारदात के लिए रेकी करने आया था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी नरेंद्र ने पूछताछ में अपने साथियों अजय, वीर सिंह और संजय के साथ मिलकर चोरी की कई वारदातें करने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि उन लोगों ने मिलकर पिछले साल मई के महीने में गाँव जलालपुर ढिंडार में चोरी की थी। इसके बाद जून के महीने में उन्होंने ग्राम डिडौली में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसी तरह उन्होंने ग्राम सुराना में दो अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाया और फिर ग्राम रेवडा रेवड़ी में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद मिले माल और पैसों को उन्होंने आपस में बांट लिया था और उसके हिस्से में जो भी आया था, उसे उसने खर्च कर दिया।
पकड़े गए मुख्य आरोपी नरेंद्र के खिलाफ थाना मुरादनगर पर चोरी के संबंध में कुल 5 अभियोग पंजीकृत हैं और पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार इस गैंग में शामिल उसके साथी अभियुक्त अजय और वीर सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं इस मामले में शामिल एक अन्य वांछित अभियुक्त संजय पुत्र इंद्रपाल, निवासी मोहल्ला बागरानप, थाना लोनी, गाजियाबाद अभी फरार है। मुरादनगर थाना पुलिस टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


