लखनऊ:राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मेलन में आर डी इंजिनियरिंग कॉलेज के अस्सिटेंट प्रोफेसर अमित कुमार शर्मा को किया सम्मानित

लखनऊ ब्यूरो : राजधानी लखनऊ में 19 से 20 मार्च तक आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सम्मेलन का सफल समापन हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन में प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सम्मेलन के दौरान आर.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर अमित कुमार शर्मा ने अपने कॉलेज में संचालित एनएसएस गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उनके संस्थान में समाज सेवा, स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम और युवा सशक्तिकरण से जुड़े कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. मंजू सिंह (राज्य संपर्क अधिकारी), लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, डॉ. कोमल सिंह (युवा अधिकारी, दिल्ली) सहित भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के कई प्रतिष्ठित अधिकारियों ने सहभागिता की।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाती है और उनमें सेवा, समर्पण व नेतृत्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की अहम भूमिका पर जोर दिया।

दो दिवसीय इस सम्मेलन में विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा, अनुभव साझा करने और नई योजनाओं पर मंथन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज सेवा को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस सफल आयोजन से समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ, जिसे प्रतिभागियों ने आगे भी जारी रखने की बात कही।