‎नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरे थाना फेस-1 प्रभारी, खुले में शराब पीने वालों पर चला कानून का डंडा

नोएडा : सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ थाना फेस-1 पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी फेस-1 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

‎मंगलवार, 24 जून 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने हरौला सेक्टर-5 स्थित शराब ठेका, बांस-बल्ली मार्केट सेक्टर-9, कोहली धर्मकांटा, झुंडपुरा बॉर्डर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जांच की। इस दौरान खुले में शराब का सेवन कर रहे 61 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।

‎थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

‎पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन न करें और कानून का पालन करते हुए शहर में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।