मोदीनगर। नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया फाउंडेशन ने ग्राम पतला में एक निर्धन कन्या के विवाह हेतु 31,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। फाउंडेशन की इस पहल से जहां एक जरूरतमंद परिवार को राहत मिली। वहीं फाउंडेशन के द्वारा किए गए इस पुनीत कार्य की क्षेत्रवासी मुक्तकंठ से सराहना कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकार बिजेंद्र भारती ने कहा कि समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करे, तो कोई भी गरीब परिवार अपनी बेटी के विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर असहाय नहीं रहेगा। इस अवसर पर मौजूद समाजसेवी प्रदीप कश्यप ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता को सबसे बड़ा मानवीय कर्तव्य बताते हुए सभी से ऐसे कार्यों में भागीदारी करने का आह्वान किया। संस्था के सदस्य विवाह समारोह में स्वयं उपस्थित रहे और वर-वधु को आशीर्वाद दिया। बिजेंद्र भारती ने बताया कि फाउंडेशन पूर्व में भी कई जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर चुका है और भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रखे जायेंगे।
इस अवसर पर चेयरमैन विनोद जाटव वैशाली ,संस्था के संरक्षक हरेंद्र शर्मा, संस्था के महासचिव सुनील शर्मा, एडवोकेट बबलू वशिष्ठ, दर्शन प्रजापति, पंकज कश्यप, हरिओम सेन, राशू मलिक पत्रकार तरुण सक्सेना संजय लाल योगेंद्र भाटी आदि लोग उपस्थित थे।


