मुरादनगर(अबशार उलहक) : स्थानीय निवासियों और उद्यमियों को आज बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुरादनगर द्वितीय उपखण्ड कार्यालय द्वारा दी गई आधिकारिक सूचना के अनुसार, आज यानी रविवार, 3 मई 2026 को क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में बिजली गुल रहेगी। विभाग द्वारा यह कटौती बिजनेस प्लान वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 33 KV काकड़ा-हुसैनपुर लाइन पर जर्जर हो चुके पोल और कंडक्टरों को बदलने के लिए की जा रही है।
विद्युत विभाग के अनुसार, मरम्मत का यह कार्य सुबह 11 बजे शुरू होगा और दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा। इस चार घंटे की अवधि के दौरान सुरक्षा कारणों से काकड़ा, हुसैनपुर, रावली, सुराना और असालतनगर उपकेंद्रों से जुड़ी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त गंगनगर और ओल्ड मुरादनगर उपकेंद्र से निकलने वाले 11 KV इंडस्ट्री-2 फीडर, जल निगम फीडर और जल निगम कृषि फीडर भी इस कटौती से प्रभावित होंगे। इससे न केवल ग्रामीण क्षेत्रों की घरेलू बिजली प्रभावित होगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों और कृषि कार्यों पर भी असर पड़ेगा।
उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि बिजली के पुराने बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करना भविष्य में निर्बाध आपूर्ति के लिए आवश्यक है। विभाग ने इस कार्य के दौरान उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और लोगों से सहयोग की अपील की है। संबंधित अधिकारियों और अवर अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी उपस्थिति में कार्य को समय पर पूरा सुनिश्चित करें ताकि दोपहर 3 बजे के बाद आपूर्ति को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके।


