मुरादनगर(अबशार उलहक) : नगर पालिका परिषद मुरादनगर में चल रहे विकास कार्यों में धांधली और भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष और मनोनीत सभासद अनिल शर्मा ने पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि वर्ष 2025-26 के दौरान क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों में मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

सभासद अनिल शर्मा ने विशेष रूप से अग्रसेन विहार फेज-1 का उदाहरण देते हुए बताया कि वहाँ बनाई गई एक पुलिया निर्माण के मात्र चार दिन के भीतर ही टूट गई। उन्होंने मौके पर मुआयना करने और जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिया में सरिया और सीमेंट का उचित उपयोग नहीं किया गया है, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और सरकारी धन की बर्बादी को दर्शाता है। पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि ठेकेदारों द्वारा की जा रही इन अनियमितताओं में विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) और सुपरवाइजर की भूमिका भी संदिग्ध है, जिनके संरक्षण में यह खेल चल रहा है।
भ्रष्टाचार के इस खेल को उजागर करने के लिए सभासद ने चालू वित्तीय वर्ष के सभी निर्माण कार्यों के प्रमाणित वर्क-ऑर्डर की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस शिकायत की प्रतियाँ जिलाधिकारी गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री को भी प्रेषित की गई हैं। सभासद का कहना है कि यदि इन कार्यों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो सरकारी खजाने को भारी चपत लगनी तय है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।


