गाजियाबाद (हैदर खान) : मुरादनगर कस्बे में हजरत मुराद गाजी रहमतुल्लाह अलैह के 360वें उर्स मेले का आयोजन पूरी अकीदत और उत्साह के साथ किया जा रहा है। उर्स मेले में दूर-दराज से आने वाले जायरीनों की भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से मुरादनगर थानाध्यक्ष ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में सघन पैदल गश्त किया।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पैदल गश्त के दौरान थानाध्यक्ष ने मेले के आयोजन स्थल, प्रमुख रास्तों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले बाजारों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति पर तुरंत नजर रखें।

दुकानदारों और आम जनता से की अपील
गश्त करते हुए पुलिस टीम ने स्थानीय दुकानदारों और मेले में आए श्रद्धालुओं से भी संवाद किया। थानाध्यक्ष ने सभी से अपील की कि वे उर्स मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। लोगों से कहा गया कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने यह साफ संदेश दिया है कि मेले की आड़ में माहौल बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
हजरत मुराद गाजी रहमतुल्लाह अलैह का उर्स मुरादनगर में सांप्रदायिक सौहार्द और गहरी आस्था का प्रतीक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में लोग जियारत के लिए पहुंचते हैं। पुलिस की इस सतर्कता से स्थानीय लोगों और जायरीनों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।


