गाजियाबाद (दीपक मिश्रा) : थाना विजयनगर क्षेत्र में सोमवार को छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कोतवाली उपासना पाण्डेय, स्थानीय प्रभारी निरीक्षक और मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को सुरक्षा व सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु समझाए।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी उपासना पाण्डेय ने छात्राओं को दैनिक जीवन में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत या विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लेना चाहिए। अधिकारियों ने आपात स्थिति में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों और पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
इसके साथ ही छात्राओं को उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली और महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि किसी भी तरह की असुरक्षा महसूस होने पर वे बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस से संपर्क करें।


