मुरादनगर (हैदर खान) : थाना क्षेत्र के मोहल्ला व्यापारीयान (रावली रोड) में दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने के विवाद को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मोहल्ले के ही एक आपराधिक प्रवृत्ति के युवक पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां देने, मानसिक उत्पीड़न करने और कथित मीडिया के जरिए बदनाम करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत देकर परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला व्यापारीयान निवासी हारून पुत्र मजीद ने मुरादनगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके ही मोहल्ले का रहने वाला शुऐब पुत्र सलीम पिछले काफी समय से उनके और उनके बच्चों के साथ अकारण विवाद करने की फिराक में रहता है। हारून के अनुसार, आरोपी शुऐब ने उनकी दुकान के सामने पिछले कई दिनों से अपनी गाड़ी खड़ी कर रखी थी, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा था।
जब पीड़ित हारून ने मोहल्ले के गणमान्य व सामाजिक लोगों के माध्यम से गाड़ी हटवाने का प्रयास किया, तो आरोपी शुऐब आपा खो बैठा। उसने गाड़ी हटाने के बजाय पीड़ित के छोटे बेटे इमरान को जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया।
‘कथित मीडिया’ के जरिए बदनाम करने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी शुऐब ने न सिर्फ धमकियां दीं, बल्कि उन पर और उनके परिवार पर झूठे व बेबुनियाद आरोप लगाकर ‘तथाकथित मीडिया’ के माध्यम से सोशल मीडिया पर बदनाम करना शुरू कर दिया। इससे उनका पूरा परिवार भारी मानसिक उत्पीड़न और सामाजिक दबाव से गुजर रहा है।
जिम से लौटते वक्त बेटे का घेराव, अनहोनी का डर
शिकायत पत्र में हारून ने एक गंभीर घटना का जिक्र करते हुए बताया कि बीती शाम जब उनका बेटा इमरान जिम से घर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में शुऐब अपने 4-5 अज्ञात साथियों के साथ पहले से घात लगाकर बैठा था। शुऐब ने इमरान को आवाज देकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति की संदिग्धता और खतरे की आहट को भांपते हुए इमरान वहां से बचकर किसी तरह सुरक्षित घर पहुंच गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी और उसके साथी कभी भी उनके बेटे या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना अंजाम दे सकते हैं। इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत के साए में जीने को मजबूर है।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित हारून ने मुरादनगर थाना प्रभारी को तहरीर सौंपकर आरोपी शुऐब और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


