प्रेस क्लब मुरादनगर के चुनाव में फिर चला ब्रह्मपाल सिंह का जादू, 15वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए,अबशार उलहक को कोषाध्यक्ष व हैदर खान को सचिव बनाया गया

मुरादनगर : प्रेस क्लब मुरादनगर के वार्षिक चुनाव इस बार भी बेहद उत्साहपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुए। वरिष्ठ पत्रकार विजय त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में एक बार फिर प्रेस क्लब के सदस्यों ने अनुभवी नेतृत्व पर अपना भरोसा जताते हुए पुराने पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। वहीं, संगठन में नए चेहरों को शामिल कर उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व देकर प्रेस क्लब के विस्तार और मजबूती की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया।

‎चुनाव के दौरान वरिष्ठ पत्रकार ब्रह्मपाल सिंह ने एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होकर अपनी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता साबित कर दी। खास बात यह है कि ब्रह्मपाल सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाते आ रहे हैं। पत्रकारों के बीच उनकी स्वीकार्यता और संगठन के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हर वर्ष उनके नाम पर सर्वसम्मति बनती रही है। एक बार फिर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद समर्थकों और साथी पत्रकारों ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।

‎वहीं प्रेस क्लब मुरादनगर के प्रधान महासचिव पद पर वरिष्ठ पत्रकार हरभजन सिंह ने भी एक बार फिर निर्विरोध जीत हासिल की। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और अनुभव को देखते हुए पत्रकारों ने उन पर दोबारा भरोसा जताया। हरभजन सिंह के निर्विरोध निर्वाचन के बाद क्लब के सदस्यों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। इस वर्ष के चुनाव में प्रेस क्लब मुरादनगर ने संगठन के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार रजनीश शर्मा को प्रेस क्लब की सदस्यता प्रदान की गई। क्लब में शामिल होने पर उपस्थित पत्रकारों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें संगठन मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रजनीश शर्मा ने संगठन को मजबूत करने और पत्रकारों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।

‎चुनाव प्रक्रिया के बाद प्रेस क्लब मुरादनगर की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। चंद्रशेखर त्यागी को संयोजक एवं संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि ब्रह्मपाल सिंह को अध्यक्ष, नासिर मंसूरी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और विजय त्यागी को उपाध्यक्ष चुना गया है। हरभजन सिंह को प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं अबशार उल हक को कोषाध्यक्ष, दीपक त्यागी और हैदर खान को सचिव, रजनीश शर्मा को संगठन मंत्री, शहजाद इलाही को प्रचार मंत्री तथा अंकित गर्ग को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राशिद अली को विशेष कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

‎नई कमेटी के गठन के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारे, एकजुटता और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा हुई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

‎कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा करने तथा पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया। वरिष्ठ और अनुभवी नेतृत्व के साथ नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने से प्रेस क्लब मुरादनगर में नई ऊर्जा का संचार दिखाई दिया।

‎प्रेस क्लब मुरादनगर के चुनाव में एक बार फिर निर्विरोध नेतृत्व पर लगी मुहर ने यह साफ कर दिया कि संगठन के सदस्यों के बीच अनुभव और विश्वास की पकड़ मजबूत है। वहीं नई कार्यकारिणी में नए चेहरों को स्थान मिलने से आने वाले समय में संगठन के और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी होने की उम्मीद बढ़ गई है।