नोएडा। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नोएडा प्राधिकरण के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार को सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के नीचे करीब 50 मीटर लंबा डिवाइडर भरभराकर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त डिवाइडर को हटाने का काम शुरू कर दिया गया, जबकि कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। इस घटना ने नोएडा प्राधिकरण के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डिवाइडर इतनी आसानी से गिर सकता है, तो अन्य निर्माण कार्यों की मजबूती पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नोएडा प्राधिकरण इस लापरवाही को आखिर कब तक छिपा पाएगा? क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर हर बार की तरह जांच के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा? इन सवालों के जवाब का इंतजार है।


