मुरादनगर में हाईवे को पार्किंग बनाकर परोसी जा रही मौत की चिकन बिरयानी!

मुरादनगर (अबशार उलहक) : खुद को फेमस चिकन बिरयानी का ताज पहना चुका ‘अल-रजा चिकन बिरयानी’ सेंटर इन दिनों पेट भरने वालों के लिए भले ही मज़ा बना हुआ हो, लेकिन हाईवे से गुज़रने वाले बेकसूर राहगीरों के लिए सरासर सज़ा बन चुका है। दिल्ली-मेरठ रोड पर सफर करने वाले ज़रा संभलकर निकलें, क्योंकि यहाँ सड़क की चौड़ाई अचानक कम नहीं हुई, बल्कि ‘अल-रजा’ के बाहर खड़े गाड़ियों के काफ़िले ने तीन लेन के हाईवे को समेटकर महज़ दो लेन में तब्दील कर दिया है। स्वाद के शौकीनों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए सड़क की एक पूरी लेन को अपनी अघोषित पार्किंग बना लिया है।

‎अंधाधुंध खड़े इन वाहनों की वजह से मोड़ पर हर पल मौत मंडरा रही है। तेज़ रफ़्तार गाड़ियों के बीच से जान जोखिम में डालकर निकलने को मजबूर राहगीरों के लिए यह रास्ता किसी बुरे सपने से कम नहीं है। हद तो तब हो जाती है जब कानून-व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ाती इस भारी भीड़ और सड़क पर खड़ी गाड़ियों के वीडियो खुद ‘अल-रजा बिरयानी’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर बड़े फख्र के साथ रील्स बनाकर चमकाए जाते हैं। यानी जिस अराजकता पर कार्रवाई होनी चाहिए, उसे सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी का हथियार बनाया जा रहा है।

‎यहाँ बिरयानी का स्वाद चखने आने वाले लोग दूसरों की सहूलियत छीनने और कानून के नियमों को धता बताने के आदी हो चुके हैं। अगर यही बेपरवाही जारी रही, तो वह दिन दूर नहीं जब यह खतरनाक जाम यहाँ की स्थाई नियति बन जाएगा। अब पूरा मुरादनगर टकटकी लगाए देख रहा है कि आखिर स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक प्रशासन की नींद कब खुलेगी? क्या पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रही है या फिर इस ‘ज़ायके वाले जाम’ पर जल्द ही प्रशासन का चाबुक चलेगा, यह देखना अभी बाकी है।