गाज़ियाबाद/मुरादनगर (अबशार उलहक): डायल 112 पर आई हत्या की एक सनसनीखेज सूचना ने मुरादनगर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। पुलिस कंट्रोल रूम को किसी ने फोन पर बताया कि आठ लोगों ने मिलकर एक लड़के की हत्या कर दी है। इस गंभीर सूचना पर मुरादनगर थाना पुलिस तत्काल एक्शन में आई और मामले की जांच शुरू कर दी, जो बाद में पूरी तरह से फर्जी साबित हुई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले कॉलर के नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया। कई बार प्रयास करने के बाद जब कॉल कनेक्ट हुई, तो कॉलर अपने ही बयान से पलट गया। उसने पुलिस को बताया कि उसने ऐसी कोई भी सूचना नहीं दी है। इसके अलावा उसने पुलिस को कुछ भी और बताने से साफ इनकार कर दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कोई भी कोताही नहीं बरती। कॉलर द्वारा दिए गए पते और पूरे मुरादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन जांच में यह स्पष्ट हो गया कि क्षेत्र में हत्या या विवाद जैसी कोई भी घटना नहीं हुई है।
सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी सहायता से उस मोबाइल नंबर की जांच की जिससे कॉल आई थी। जांच में कॉलर की लोकेशन जिला बागपत के रमाला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जिवाना की निकली। यह नंबर ग्राम जिवाना निवासी गोपी के बेटे सुधीर के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया।
चूंकि कॉलर की लोकेशन और पता बागपत जिले का निकला, इसलिए मुरादनगर पुलिस ने तत्काल रमाला (बागपत) के थाना प्रभारी से उनके सरकारी नंबर पर संपर्क किया। रमाला पुलिस को पूरी घटना से अवगत करा दिया गया है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया है।
मुरादनगर पुलिस ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि हत्या की यह सूचना महज एक अफवाह थी। वर्तमान में थाना क्षेत्र में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं पर फर्जी सूचना देना एक गंभीर अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


