मोहर्रम पर्व: कोतवाली नगर क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से निकला जुलूस, डीसीपी और एसीपी भारी सुरक्षा बल के साथ रहे मौजूद

गाजियाबाद (दीपक मिश्रा) : मोहर्रम पर्व के अवसर पर दिनांक 26 जून 2026 को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में निकलने वाला जुलूस सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व के मद्देनजर कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

‎सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस उपायुक्त (नगर/ट्रांस हिंडन) धवल जायसवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय द्वारा पुलिस बल के साथ जुलूस मार्ग का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जुलूस के रास्तों, संवेदनशील स्थानों और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की हुई थी।

‎शांति, आपसी सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था को कायम रखने हेतु संबंधित अधिकारियों और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही गई और लगातार प्रभावी निगरानी एवं सतर्कता सुनिश्चित कर शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस को संपन्न कराया गया।